उत्तर प्रदेश के आगरा से रिश्तों को झकझोर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिकंदरा थाना क्षेत्र के दहतोरा इलाके में एक महिला पर अपने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दफनाने का आरोप है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि शव को दफनाने के बाद महिला ने बाथरूम का फर्श दोबारा बनवा दिया और करीब 45 दिनों तक उसी बाथरूम का रोज़ इस्तेमाल करती रही।
पुलिस के मुताबिक, मृतक सुरेंद्र शर्मा की पत्नी रूबी ने कथित तौर पर 18 मई को खीर में 16 से 20 नींद की गोलियां मिलाकर पति को खिलाईं, जिससे उसकी मौत हो गई।घटना का खुलासा तब हुआ जब महिला ने खुद अपने जेठ को घर बुलाया और बताया कि उसका पति “बाथरूम में है”। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, फर्श तुड़वाया और शव बरामद कर महिला को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने दावा किया कि उसका पति शराब पीकर अक्सर मारपीट और झगड़ा करता था, जिससे तंग आकर उसने यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस वारदात में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।