केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के पति और अर्थशास्त्री परकला प्रभाकर अब SIR के खिलाफ होने वाले देशव्यापी विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे। 23 अक्टूबर को ‘पीपल अगेंस्ट SIR’ गठबंधन की ओर से आयोजित इस मार्च में परकला प्रभाकर, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके और अभिनेता प्रकाश राज के साथ मंच साझा करेंगे। इस प्रदर्शन में वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण, किसान नेता राकेश टिकैत, लेखक तुषार गांधी और छात्र नेता नेहा बोरा समेत कई अन्य लोगों के शामिल होने की भी उम्मीद है। प्रभाकर ने सोशल मीडिया पर ‘हर गली में जंतर-मंतर’ का नारा देते हुए लोगों से लोकतंत्र की बहाली के लिए आगे आने की अपील की है।
प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR प्रक्रिया को रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग कर रहे हैं। गठबंधन का आरोप है कि इस प्रक्रिया के कारण पात्र मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं, जिससे उनके मतदान के अधिकार पर असर पड़ सकता है। परकला प्रभाकर भी SIR प्रक्रिया की आलोचना करते रहे हैं और उनका कहना है कि मतदाता सूची से नाम हटने पर लोगों के मतदान के अधिकार पर गंभीर असर पड़ सकता है। गठबंधन ने देशभर के लोगों से अपने-अपने इलाकों में प्रदर्शन आयोजित करने की अपील की है। अब 23 अक्टूबर को होने वाले इस मार्च पर नजर रहेगी, जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोग SIR के मुद्दे पर अपनी आवाज उठाएंगे।