रामनगर में कांग्रेस नेता पर जानलेवा हमले का आरोप, कार रोककर की गई मारपीट

By New31 Uttarakhand

रामनगर में युवा कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष गोपाल सिंह अधिकारी पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, गोपाल अधिकारी अपनी कार से ट्रांसपोर्ट नगर स्थित कार्यालय से कोसी बैराज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने कथित तौर पर उनका पीछा कर कार को रोक लिया और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में कार के शीशे टूट गए और गोपाल अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों में हड़कंप मच गया। भीड़ जुटने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल कांग्रेस नेता को इलाज के लिए काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हमले के दौरान फायरिंग किए जाने की भी चर्चा है, हालांकि पुलिस इसकी पुष्टि के लिए जांच कर रही है। रामनगर कोतवाल सुशील कुमार के अनुसार, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही फायरिंग के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.